रसूलाबाद पुलिस ने विशेष अभियान के तहत वांछित आरोपी सिराज खान उर्फ मिथुन को दबोचा, न्यायालय में पेश
[क्राइम रिपोर्ट: न्यूज़ डेस्क, नाइन वन टाइम्स]
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर देहात की रसूलाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बालिका को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले वांछित अभियुक्त सिराज खान उर्फ मिथुन को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, थाना रसूलाबाद में बीते 26 मार्च 2026 को एक वादिनी द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर बालिका के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा (मु0अ0सं0 123/2026) पंजीकृत किया था।
घेराबंदी कर ईंट भट्टे के पास से दबोचा
थाना रसूलाबाद पुलिस टीम विवेचना के दौरान लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार, 31 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसरी बेला रोड स्थित नरेंद्र सिंह के बंद पड़े ईंट भट्टे के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने आरोपी सिराज खान उर्फ मिथुन (30 वर्ष), पुत्र गुलाम अब्बास निवासी तुलसीनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की सराहना
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में रसूलाबाद थाने के उपनिरीक्षक श्री राम सिंह, हेड कांस्टेबल रामाधार और कांस्टेबल विनोदपुरी शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।


No comments:
Post a Comment