मेट्रो और पनकी पावर हाउस को बताया समाजवादी काम
POLITICAL ATTACK अखिलेश यादव के तीखे वार:
- नया तंज: "कालीन और कोडीन भाई" के बाद अब कानपुर में मिले "किडनी भाई", स्वास्थ्य विभाग में घोटाले का आरोप।
- लाल इमली: भविष्य में 'लाल टोपी' वाले ही चलाएंगे कानपुर की ऐतिहासिक 'लाल इमली' मिल।
- OTT और ड्रग्स: यूपी में पकड़े जा रहे गांजे पर कसा तंज, बोले- अगली फिल्म 'गांजा गंज' पर बनेगी।
- EC पर निशाना: चीफ इलेक्शन कमिश्नर बीजेपी के लिए कर रहे काम, बंगाल चुनाव में दखल न देने की मांग।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को कानपुर दौरे पर रहे। वे अपने पूर्व सुरक्षाकर्मी रहे दिवंगत लाला पहलवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे, लेकिन इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार पर एक के बाद एक कई राजनीतिक 'बम' फोड़े। अखिलेश यादव ने कानपुर की समस्याओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय ओटीटी ट्रेंड्स तक के जरिए योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
"किडनी भाई" और स्वास्थ्य विभाग में महाघोटाला
अखिलेश यादव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "अभी तक हमने कालीन भाई और कोडीन भाई के बारे में सुना था, लेकिन अब कानपुर में 'किडनी भाई' भी मिल गए हैं।" उन्होंने कानपुर के स्वास्थ्य विभाग में हो रहे कथित घोटालों पर प्रहार करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में अस्पतालों में मरीजों की किडनी तक निकाल ली जा रही है। उन्होंने कमीशनखोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब सरकार ही निर्माण कार्यों में कमीशन खाने लगेगी, तो गुणवत्ता की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
लाल इमली और कानपुर के विकास पर दावा
कानपुर की बंद पड़ी ऐतिहासिक 'लाल इमली' मिल का जिक्र करते हुए अखिलेश ने इमोशनल कार्ड खेला। उन्होंने कहा, "भविष्य में लाल टोपी वाले (समाजवादी) ही इस लाल इमली मिल को दोबारा चलवाएंगे और कानपुर का गौरव लौटाएंगे।" उन्होंने वर्तमान सरकार को घेरते हुए कहा कि आज कानपुर मेट्रो और पनकी पावर हाउस जो दिख रहा है, वह समाजवादियों की देन है। बीजेपी ने केवल फीता काटा है, काम नहीं किया।
"गांजा गंज" और यूपी की कानून व्यवस्था
प्रदेश में हाल ही में पकड़ी गई ड्रग्स की खेप पर चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी में इस समय गांजा भारी मात्रा में पकड़ा जा रहा है। उन्होंने तंज कसा कि ऐसा लग रहा है जैसे अगली ओटीटी फिल्म अब 'गांजा गंज' पर ही बनेगी। उन्होंने 'धुआंधार' नामक किरदार का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी की कानून व्यवस्था अब फिल्मों जैसी ही फ्लॉप हो चुकी है।
इलेक्शन कमीशन और ममता दीदी का समर्थन
अखिलेश यादव ने संवैधानिक संस्थाओं पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 'चीफ इलेक्शन कमिश्नर' बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग हस्तक्षेप न करे, तो वहां हिंसा रहित, प्रलोभन रहित और भयमुक्त चुनाव होगा। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में ममता दीदी और उनकी पार्टी टीएमसी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
PDA प्रहरी और दलित राजनीति
अखिलेश ने बीजेपी पर 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का वोट काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी बहुत बड़ी कलाकार है, इसलिए हमने वोट बचाने के लिए 'PDA प्रहरी' बनाए हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रदेश में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को सबसे ज्यादा नुकसान बीजेपी के लोगों ने ही पहुंचाया है।


No comments:
Post a Comment