IIT कानपुर के साथ करार: शोध और बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका
ADMISSION 2026-27 कोर्स और सीटों का विवरण:
- B.Tech (केमिकल): 90 सीटें, प्रवेश JEE Main के आधार पर। सालाना फीस ₹90,200।
- डिप्लोमा कोर्स: 30 सीटें, 10वीं की मेरिट पर प्रवेश। सालाना फीस ₹45,200।
- प्लेसमेंट: वर्तमान सत्र में 100% छात्रों के चयन का दावा।
- करियर स्कोप: केमिकल इंडस्ट्री के अलावा डेटा साइंस और बायोटेक में भी अवसर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रवेश प्रक्रिया का बिगुल फूंक दिया है। औद्योगिक हब कानपुर में स्थित यह विभाग न केवल पारंपरिक इंजीनियरिंग बल्कि आधुनिक डेटा साइंस और सस्टेनेबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में भी छात्रों को तैयार कर रहा है।
कोर्स स्ट्रक्चर और फीस का गणित
विभाग में मुख्य रूप से तीन स्तरों पर कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं:
- बीटेक (केमिकल इंजीनियरिंग): यह 4 वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें 90 सीटें तय हैं और प्रवेश जेईई (JEE Main) की मेरिट के आधार पर होता है। इसकी वार्षिक फीस लगभग 90,200 रुपये है।
- डिप्लोमा: तीन वर्षीय इस पाठ्यक्रम में 30 सीटें हैं, जहाँ 10वीं की मेरिट पर दाखिला मिलता है। इसकी वार्षिक फीस 45,200 रुपये निर्धारित है।
- शोध कार्यक्रम: पीएचडी स्तर पर भी विभाग उच्च गुणवत्तापूर्ण शोध के अवसर दे रहा है।
सॉफ्टवेयर और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर
केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि विभाग छात्रों को इंडस्ट्री के लिए 'रेडी' बना रहा है। यहाँ छात्रों को CHEMCAD, ASPEN Plus, ANSYS और MATLAB जैसे प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जाता है। विभाग की अत्याधुनिक लैब में रिएक्शन इंजीनियरिंग और प्रोसेस कंट्रोल का व्यावहारिक अनुभव छात्रों को दूसरों से अलग बनाता है।
औद्योगिक लाभ और IIT कानपुर के साथ साथ
कानपुर का औद्योगिक परिवेश (पेंट, लेदर, फर्टिलाइजर और प्लास्टिक इंडस्ट्री) छात्रों को इंटर्नशिप और व्यावहारिक अनुभव के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म देता है। सबसे बड़ी बात यह है कि IIT कानपुर के साथ हुए समझौते के तहत छात्रों को शोध और बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने का सुनहरा अवसर मिलता है।
प्लेसमेंट का शानदार रिकॉर्ड
विभाग ने इस वर्ष 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का दावा किया है। यहाँ से निकले छात्र प्रोसेस इंजीनियर और प्रोडक्शन सुपरवाइजर के रूप में नामी कंपनियों में जा रहे हैं। विभाग की साख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ के पूर्व छात्र आज BARC, DRDO और ISRO जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


No comments:
Post a Comment