📍 गोविंद नगर में खुलेआम दबंगों ने दिखाई पुलिस को चुनौती, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी टीम
कानपुर नगर – गोविंद नगर थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक बार फिर कानपुर पुलिस को खुली चुनौती दी है। 19 जुलाई की शाम गुजैनी H ब्लॉक निवासी विजय यादव को कुछ दबंगों ने सरेराह रोककर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर ईंट से हमला किया। पीड़ित लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा रहा, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विजय यादव को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दबंग सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा, पवन तिवारी और लवी तिवारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह सब्जी मंडी से लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे पासा ने रास्ता रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथी पवन और लवी आए और तीनों ने मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया। पासा ने ईंट से सिर पर हमला किया, जिससे उसकी आंख और सिर में गंभीर चोटें आईं।
धमकी और दबाव का आरोप:
पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी सिद्धार्थ पासा लगातार समझौते का दबाव बना रहा है और अपने साथियों से धमकियाँ दिलवा रहा है।
आपराधिक इतिहास और राजनीतिक संरक्षण:
सूत्रों के अनुसार, सिद्धार्थ पासा के खिलाफ गोविंद नगर और बर्रा थानों में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में कई बार जेल जा चुका है और कुछ सफेदपोश नेताओं का संरक्षण प्राप्त होने के कारण खुलेआम रंगदारी, वसूली, सट्टा और फर्जी अकाउंट से पैसों के लेन-देन जैसे अपराधों में लिप्त है।
पुलिस की कार्रवाई:
गोविंद नगर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए हैं, जिनमें आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करेगी।
संवाददाता हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट


No comments:
Post a Comment